सूरतगंज बाराबंकी। स्वाट, सर्विलांस और मोहम्मदपुर खाला पुलिस की संयुक्त टीम ने पेट्रोल पंप के मैनेजर के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते से भी छह लाख रुपये फ्रीज कर बरामद कर लिए हैं। आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप सूरतगंज के मैनेजर विजय सिंह यादव ने थाना मोहम्मदपुर खाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि पेट्रोल पंप के कर्मचारी अंकित कुमार यादव को बैंक में जमा करने के लिए नकदी दी गई थी, लेकिन वह बैंक न जाकर रुपये लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 316/2026 धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्वाट, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। शनिवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार पुत्र ओम प्रकाश यादव निवासी ग्राम ममतामऊ, थाना मोहम्मदपुर खाला को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही उसके बैंक खाते में जमा छह लाख रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 316(4) एवं 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पेट्रोल पंप की रकम का गबन कर अपने निजी उपयोग के लिए रख लिया था। मामले की गहन जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी की गई। मेडिकल परीक्षण के उपरांत उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अजय सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में स्वाट, सर्विलांस और थाना मोहम्मदपुर खाला की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। अवधेश कुमार रिपोर्टर

