हाथरस। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला अस्पताल परिसर में स्थापित अत्याधुनिक ऑक्सीजन प्लांट का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश अग्रवाल द्वारा अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई।


शुभारंभ के दौरान अधिकारियों ने ऑक्सीजन प्लांट की गुणवत्ता, क्षमता और संचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने से जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और नई इमरजेंसी में भर्ती मरीजों को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब ऐसी स्थिति में अस्पताल आत्मनिर्भर रहेगा।


उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रदेश के सभी जिलों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी अतुल वत्स और सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने टीवी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई इमरजेंसी का निरीक्षण किया तथा जिला अस्पताल के ब्लड बैंक का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए उसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।


इस दौरान जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश, महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश एम. सक्सेना, स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

4 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *