हाथरस। थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के गांव चमरपुरा में देर रात शादी समारोह के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।

मृतक की पहचान पुरदिलनगर निवासी 25 वर्षीय प्रिंस पुत्र भगवान दास के रूप में हुई है। वह डीजे लगाने का कार्य करता था और अपनी बुआ के नाती की शादी में शामिल होने के लिए चमरपुरा गांव आया था।
मृतक के भाई शैलेंद्र ने बताया कि शादी समारोह के दौरान बिजली चली गई थी। इसी बीच प्रिंस बिजली का तार जोड़ रहा था। तभी अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हाथरस से इमरान मलिक की खबर
