एमडी न्यूज ब्यूरों गोण्डा- अजीत यादव

गोण्डा- गोंडा रेलवे स्टेशन के पास बुधवार देर रात गेहूं से लदी एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर जाने से रेल विभाग में हड़कंप मच गया। गाजियाबाद से बिहार के मोतिहारी जा रही 42 डिब्बों वाली मालगाड़ी की 29वीं बोगी पूरी तरह, जबकि 30वीं बोगी आंशिक रूप से बेपटरी हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

बड़गांव ओवरब्रिज के नीचे हुआ हादसा

हादसा बुधवार रात करीब 12 बजे गोंडा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर बड़गांव रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन नंबर-7 पर हुआ। मालगाड़ी सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी कि अचानक दो डिब्बे पटरी से उतर गए। झटका महसूस होते ही लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोककर रेलवे कंट्रोल रूम और स्थानीय अधिकारियों को सूचना दी।

रेलवे अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग, परिचालन और तकनीकी विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके साथ ही आरपीएफ और जीआरपी ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। अधिकारियों ने सबसे पहले प्रभावित ट्रैक को सुरक्षित किया और फिर बेपटरी हुए डिब्बों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का अभियान शुरू किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लाइन नंबर-7 केवल मालगाड़ियों के संचालन के लिए इस्तेमाल होती है, इसलिए इस हादसे का यात्री ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। देर रात तक ट्रैक को सामान्य करने का काम जारी रहा।

तकनीकी कारणों की जांच शुरू

जीआरपी के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती स्तर पर यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना ट्रैक में तकनीकी खराबी, पहियों में खामी या किसी अन्य वजह से हुई। रेलवे का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा

गोंडा रेलवे स्टेशन पर यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 1 नवंबर 2025 को प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गोंडा कचहरी की ओर जा रही पत्थर लदी मालगाड़ी के दो डिब्बे भी बेपटरी हो गए थे। उस मामले में जांच के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। लगातार दूसरी बार मालगाड़ी के बेपटरी होने की घटना के बाद रेलवे की तकनीकी निगरानी और ट्रैक सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल रेलवे अधिकारी ट्रैक को पूरी तरह बहाल करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed