एमडी न्यूज ब्यूरों गोण्डा- अजीत यादव

गोण्डा(गौरा विधानसभा) – गोंडा जनपद के गौरा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार आज उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में गौरा विधानसभा का विशाल बूथ अध्यक्ष सम्मेलन मसकनवा फ़ार्म हाउस में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्रावस्ती जनपद के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा ‘ओम’ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गौरा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक श्री प्रभात कुमार वर्मा ने सम्मेलन को संबोधित किया।
मुख्य अतिथि महेश मिश्रा ‘ओम’ ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” केवल एक नारा नहीं, बल्कि पार्टी की विजय का मूल मंत्र है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथों पर संगठन को और अधिक सुदृढ़ करें, प्रत्येक मतदाता से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुँचाएँ। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानते हुए प्रत्येक बूथ पर भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया और कहा कि बूथ अध्यक्ष ही संगठन की वास्तविक ताकत हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं गौरा विधायक श्री प्रभात कुमार वर्मा जी ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश और देश निरंतर विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से आग्रह किया कि वे सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।
सम्मेलन में संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, मतदाता संपर्क अभियान तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा वर्ष 2027 में गौरा विधानसभा सहित पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का वातावरण पूरे समय भाजपा के नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से ओत-प्रोत रहा। सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से योगदान दिया तथा उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रंजीत बाबा , ब्लॉक प्रमुख अनिल कुमार पासवान , ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज पटेल , जिला मंत्री जितेंद्र नाथ पाण्डेय , मंडल अध्यक्षगण राधिका देवी , राम चन्दर वर्मा , मधुप सिंह , अरुण प्रकाश शुक्ला , महामंत्रीगण अमर नाथ पाण्डेय , राजन सिंह , विश्वनाथ पाठक , रक्षाराम गुप्ता , पप्पू सिंह , बाबूलाल वर्मा , जसवंत सिंह , सहित सम्मानित शक्ति केंद्र संयोजकगण, बूथ अध्यक्षगण उपस्थित रहे।
