पहली ही बारिश में उखड़ी करोड़ों की सड़क, गुणवत्ता पर उठे सवाल
खैर (अलीगढ़)। खैर कस्बा स्थित अलीगढ़–पलवल रोड पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कुछ माह पूर्व कराया गया सड़क निर्माण अब सवालों के घेरे में है। हाल ही में हुई बारिश के बाद सड़क कई स्थानों से उखड़ने लगी है। सड़क की परत टूटने और गिट्टी निकलने से राहगीरों में नाराजगी है, जबकि पीडब्ल्यूडी की टीमें जगह-जगह पैचवर्क और मरम्मत करती दिखाई दे रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क को लंबे समय तक टिकाऊ और मजबूत बताया गया था, वह पहली ही बारिश में जवाब देती नजर आ रही है। लोगों का आरोप है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्तापूर्ण सामग्री से किया गया होता तो इतनी जल्दी सड़क की हालत खराब नहीं होती।
बारिश के बाद सड़क पर उखड़ी परतें और लगातार हो रहा पैचवर्क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण में लापरवाही या घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है तो दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
लोगों का यह भी कहना है कि सड़क बनने के कुछ ही समय बाद बार-बार मरम्मत कराना सरकारी धन की बर्बादी है। उखड़ी सड़क के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर टिकी हैं। सभी को इंतजार है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई होगी, यह आने वाला समय तय करेगा।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *