नराकास (बैंक एवं बीमा) वाराणसी की 29वीं अर्धवार्षिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, राजभाषा कार्यान्वयन पर हुआ मंथन

वाराणसी, बैंक ऑफ बड़ौदा अंचल कार्यालय, वाराणसी के संयोजन में कार्यरत नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) (बैंक एवं बीमा), वाराणसी की 29वीं अर्धवार्षिक समीक्षा बैठक बुधवार को बैंक ऑफ बड़ौदा अंचल कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख मिथलेश कुमार ने की, जबकि डॉ. छबिल कुमार मेहेर, उप निदेशक (कार्यान्वयन), राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ उप महाप्रबंधक (अनुपालन एवं आश्वासन) मनोज कुमार बक्शी द्वारा अतिथियों एवं सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों के स्वागत से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नराकास की छमाही पत्रिका ‘काशी वाणी’ के 28वें अंक तथा मासिक ई-न्यूज़लेटर ‘साहित्य श्रृंखला’ का ई-विमोचन भी किया गया।
बैठक में सदस्य कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं राजभाषा कार्यान्वयन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा प्रधान कार्यालय के प्रमुख (राजभाषा एवं संसदीय समिति) डॉ. पुनीत कुमार मिश्र ने वेब माध्यम से राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के अंत में बैंक ऑफ बड़ौदा अंचल कार्यालय, वाराणसी के उप महाप्रबंधक (व्यवसाय विकास) भोला नाथ त्रिवेदी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *