बरसाना (मथुरा): गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद कॉलेज के पास स्थित नाले की पटरी पर जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव का मुख्य कारण नाले की पाइप में कूड़ा फंस जाने से पानी की निकासी बाधित होना था।
स्थिति को देखते हुए श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र अध्यक्ष कृष्ण, एवं नितिन गोस्वामी , गणेश अग्रवाल विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए स्वयं आगे आकर जाम पाइप को खोजा और उसमें फंसा कूड़ा अपने हाथों से निकालकर साफ किया। विद्यार्थियों के इस प्रयास से पानी की निकासी सुचारु रूप से शुरू हो गई और नाले की पटरी पर भरा पानी बहकर निकल गया, जिससे आम लोगों को राहत मिली।
विद्यार्थियों की इस सराहनीय पहल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग उनकी जागरूकता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की खुले दिल से प्रशंसा कर रहे हैं तथा इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बता रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि केवल यह सोचकर बैठ जाना कि सफाई कर्मचारी आएंगे और सफाई करेंगे, उचित नहीं है। हम सभी भारत के जिम्मेदार नागरिक हैं और अपने विद्यालय, घर, अस्पताल तथा आसपास के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। विद्यार्थियों का कहना था, “जब हम स्वयं सुधरेंगे, तभी हमारा देश स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनेगा।”
उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। साथ ही यह संदेश भी दिया कि स्वच्छ भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है।


