धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
निचलौल (महाराजगंज):उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 23 जुलाई 2026 को उप जिलाधिकारी (SDM) निचलौल और क्षेत्राधिकारी (CO) निचलौल के संयुक्त नेतृत्व में थाना निचलौल क्षेत्र अंतर्गत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र के विभिन्न होटलों, सरायों और सर्राफा (स्वर्ण आभूषण) दुकानों में जाकर वहाँ स्थापित सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की स्थिति की गहनता से जांच की। अधिकारियों ने दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को कैमरों की नाइट विजन और रिकॉर्डिंग बैकअप दुरुस्त रखने के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के कड़े निर्देश दिए।

चेकिंग अभियान के उपरांत अधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त (Foot Patrolling) की गई। इस दौरान आमजन और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी उच्चाधिकारियों के निर्देशों से अवगत कराया गया तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।


