कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि रहे। उनके साथ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू जोड़ों का विवाह व मुस्लिम समाज के जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। मुख्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और सरकार की ओर से प्रदान किए जाने वाले उपहार भी वितरित किए। समारोह में कुल 213 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिनमें 20 मुस्लिम समाज के जोड़ों का निकाह भी शामिल रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने उपस्थित लोगों को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, कन्या भ्रूण हत्या रोकने तथा बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई। अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हाथरस से इमरान मलिक की खबर
