एमडी न्यूज़
संवाददाता प्रशांत जैन

बिल्सी (बदायूं)। भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज, बिल्सी में पर्यावरण संरक्षण एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कक्षा 6 एवं 7 के छात्र-छात्राओं के लिए “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” गतिविधि का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपशिष्ट पदार्थों का उपयोग कर सुंदर पेन होल्डर, पेंटिंग, तिरंगे की वॉल हैंगिंग तथा अन्य आकर्षक एवं उपयोगी सजावटी वस्तुएँ तैयार कीं। विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता की सभी ने सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “अपशिष्ट पदार्थों का पुनः उपयोग (री-यूज़) और पुनर्चक्रण (री-साइक्लिंग) पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता तथा संसाधनों के सदुपयोग की भावना विकसित करती हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग करना सीख ले, तो स्वच्छ और हरित पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।”
कार्यक्रम के दौरान शशि वर्मा, शीतल सक्सेना , फौजिया शेख एवं साधना उपाध्याय , शैफाली माहेश्वरी, उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी उत्कृष्ट कलाकृतियों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
