BREAKING NEWS MD NEWS बहुआयामी समाचार
कांवड़ यात्रा को लेकर बुढ़ाना में हाई अलर्ट, पुलिस-प्रशासन ने किया संयुक्त निरीक्षण; सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद,
MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख
रिपोर्ट: रोहित जैन (दभेड़ी वाले), मुजफ्फरनगर,
मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना
आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुढ़ाना पुलिस एवं नगर पंचायत प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री तथा नगर पंचायत बुढ़ाना के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन ने संयुक्त रूप से कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं नागरिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बुढ़ाना नगर क्षेत्र से बिटावदा पुल तक कांवड़ मार्ग का गहन निरीक्षण करते हुए बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पुलिस पिकेट, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, सीसीटीवी निगरानी एवं यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे सतर्कता बनाए रखें, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, बैरिकेडिंग, जल निकासी, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है, जिससे शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने आमजन एवं कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट दिखाई दिया कि बुढ़ाना में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस एवं नगर पंचायत प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।
MD NEWS बहुआयामी समाचार
“जन-जन की आवाज़, निष्पक्ष समाचार”


