नाले में डूबने की वजह से हुई थी बच्चे की मौत, शोक जताने पहुंचे शहर विधायक आकाश सक्सेना,ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र में विकास कार्यों का किया लोकार्पण


एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
रामपुर से यूसुफ की रिपोर्ट


रामपुर। नगर विधानसभा क्षेत्र में नाले में डूबने से एक बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद शहर विधायक आकाश सक्सेना ने मृतक परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। बिहार प्रवास से लौटते ही उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और मृतक के पिता को नगर पालिका में संविदा की नौकरी दिलाने का ऐलान किया। साथ ही सरकार की ओर से जारी की गई चार लाख रूपए की सहायता राशि का चेक सौंपा।

मोहल्ला सतूनेसंग निवासी शन्नू खां के पुत्र अब्दुल करीम की बीते दिनों नाले में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद शहर विधायक आकाश सक्सेना ने शुक्रवार को उनके आवास पर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने सरकार की ओर से स्वीकृत चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक मृतक के पिता को सौंपा। इस दौरान विधायक ने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने मासूम बच्चे को खो देना अत्यंत पीड़ादायक होता है। सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए मृतक के पिता को नगर पालिका में संविदा के आधार पर नौकरी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। विधायक ने कहा कि आर्थिक सहायता के साथ परिवार के भरण-पोषण के लिए स्थायी आय का स्रोत भी जरूरी है।विधायक आकाश सक्सेना ने स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए नालों और जल निकासी व्यवस्थाओं की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके बाद विधायक ने नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय इलाकों में पहुंचकर विधायक निधि से निर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण किया। ग्राम बीसरा में लगभग 3.27 लाख रुपये व 14.92 लाख रूपए की लागत से निर्मित सड़क का उद्घाटन कर उसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा। साथ ही माला रोड स्थित सैनी बस्ती में बनी नई पुलिया का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और गांव से लेकर शहर तक बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सड़क, जल निकासी, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कराया जा रहा है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *