MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर
फतेहपुर (सदर): लखनऊ रोड स्थित नई बस्ती उधननापुर (सुखदेव नगर) के निवासियों को लंबे समय से व्याप्त जलभराव और पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश आगे आया है। संगठन के पदाधिकारियों ने सदर विधायक को एक मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र में पक्की सड़क के निर्माण और निर्बाध जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने की पुरजोर मांग की है।
विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में व्यापार मंडल ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उधननापुर (सुखदेव नगर) में 100 से अधिक मकान बने हैं, जहां हजारों की आबादी निवास करती है। जल निकासी की उचित व्यवस्था और पक्की सड़क न होने के कारण हल्की बारिश में भी रास्ते तालाब में तब्दील हो जाते हैं। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
इसके साथ ही, पूरे इलाके में पेयजल आपूर्ति की कोई ठोस व्यवस्था न होने से स्थानीय लोग बुनियादी सुविधाओं से पूरी तरह वंचित हैं। उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की इन गंभीर समस्याओं को देखते हुए जल्द से जल्द पक्की सड़क, नाली निर्माण और जलापूर्ति संसाधनों के आवंटन की मांग की गई है, ताकि जनता को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज गुप्ता ‘घायल’, रिंकू सिंह सहित संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

