वेद प्रकाश राजपूत, ब्यूरो चीफ, अयोध्या (एमडी न्यूज़)
अयोध्या जनपद के रुदौली विधानसभा क्षेत्र स्थित मांजनपुर में नवस्थापित आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का बढ़ता विश्वास साफ दिखाई दे रहा है।
कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार वर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करा रही है। डॉ. वर्मा स्वयं व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हैं, जिससे मरीजों को समय पर परामर्श और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है।

अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में अस्पताल प्रभारी डॉ. कुसुम कुमारी, सिस्टर रेशमा देवी, स्टाफ नर्स संतोष कुमारी, महेंद्र कुमार, रामजीत सहित अन्य कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में अस्पताल का संचालन प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से क्षेत्रवासियों को दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है।
महराजदीन यादव, डॉ. मालिकराम रावत, अध्यापक राम बरन वर्मा, राहुल सिंह तथा धर्मराज वर्मा सहित कई लोगों ने इस पिछड़े क्षेत्र में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना कराने के लिए रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।
