अयोध्या जनपद के रूदौली क्षेत्र के ग्राम बिचाला में कथित रूप से हाइड्रोसील ऑपरेशन के बाद युवक मुकेश रावत की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के दूसरे दिन भी रूदौली विधायक रामचंद्र यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता एवं बीडीओ अखिलेश गुप्ता भी मौजूद रहे।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को सरकार की सभी पात्र जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने किसान दुर्घटना बीमा, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बच्चों के लिए पुष्टाहार, अंत्योदय राशन कार्ड समेत अन्य योजनाओं का लाभ शीघ्र दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही परिवार को अपना मोबाइल नंबर देकर भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वह हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे।

रामचंद्र यादव ने कहा कि मृतक मुकेश अपने पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। ऐसे दुखद समय में परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

विधायक ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी डॉ. विनोद कुमार को जेल भेज दिया गया है, जबकि गंगाराम वर्मा अभी भी फरार हैं। उन्होंने प्रशासन से फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं, शुजागंज चौकी पर तैनात दिवान इंद्रेश यादव को हटाए जाने के बावजूद अब तक अन्य कार्रवाई नहीं होने से परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। विधायक ने बताया कि उनकी क्षेत्राधिकारी अरविंद सोनकर से बातचीत हुई है। मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *