एमडी न्यूज गोण्डा ब्यूरों

गोंडा – गोंडा जनपद के तरबगंज थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल 58 वर्षीय उमानाथ की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम उमानाथ अपने छोटे भाई रामनाथ के साथ बाइक से सिंगहाचंदा गांव जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 4-5 लोगों ने उन्हें रोककर हॉकी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज और फिर मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उमानाथ की मौत हो गई। वहीं, रामनाथ का उपचार अभी जारी है।परिजनों का आरोप है कि उनकी तहरीर के बावजूद पुलिस ने हत्या के बजाय गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने मांग की कि जब तक हत्या की धाराएं एफआईआर में शामिल कर उसकी प्रति नहीं दी जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि परिजनों की मांग के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार करने की सहमति दी।
