हाथरस। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव सरकोरिया स्थित एक मुर्गा फार्म पर 29 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान प्रदीप चौधरी (29 वर्ष) पुत्र जगबीर सिंह चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ युवकों से प्रदीप का मोबाइल फोन के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि पहले प्रदीप को शराब पिलाई गई और उसके बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
वहीं, पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा नशे की हालत में आत्महत्या किए जाने की संभावना भी सामने आ रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हाथरस से इमरान मलिक की खबर
