मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली, हत्या-लूट में प्रयुक्त सामान और अवैध हथियार बरामद; तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में अकेली रह रही विधवा महिला सरोज देवी की हत्या एवं लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस एवं थाना मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला हत्याकांड में शामिल संदिग्ध बदमाश खाटू श्याम मंदिर के पास हाईवे किनारे मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो भागने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की निवासी ट्रांस यमुना, आगरा तथा आकाश उर्फ हनुमान निवासी मक्खनपुर, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपने तीसरे साथी मोहित की संलिप्तता भी बताई है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
आरोपियों के कब्जे से यह सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मृतका के दो कंगन, दो अंगूठियां, आधार कार्ड और एसबीआई एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान और पूछताछ के आधार पर हत्याकांड एवं लूट की घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की जांच की जा रही है। फरार आरोपी मोहित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर — राजा पाठक
