
मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा का ‘सिंधारा-2026’ भव्य सम्पन्न, ‘कारवां’ थीम के साथ मनाया रजत जयंती वर्ष


वाराणसी। मारवाड़ी युवा मंच, वाराणसी गंगा शाखा द्वारा सावन के उल्लास के बीच आयोजित वार्षिक उत्सव ‘सिंधारा-2026’ इस वर्ष रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ‘कारवां’ थीम के साथ भव्य एवं यादगार ढंग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शाखा की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, आकर्षक आयोजनों एवं विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से जीवंत किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, परंपरा और संगठन की एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में शाखा की वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, सदस्याओं तथा आमंत्रित अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ‘कारवां’ थीम के माध्यम से शाखा की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों, सेवा कार्यों और संगठनात्मक विकास की झलक प्रस्तुत की गई। समापन समारोह में शाखा की सभी पूर्व अध्यक्षों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने शाखा की 25 वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा का स्मरण करते हुए संगठन की एकता, सेवा और सामाजिक सरोकारों की सराहना की।
कार्यक्रम की संयोजक प्रीति बाजोरिया, क्षमा अग्रवाल, निधि अग्रवाल एवं शानू जाजोदिया रहीं। आयोजन को सफल बनाने में कार्यकारिणी सदस्य अनीता अग्रवाल, पिंकी गोयल, वंदना रतेरिया तथा प्रचार मंत्री अंशु अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर शाखा की अध्यक्ष विनीता प्रसाद, सचिव सिल्की अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष सुषमा अग्रवाल ने सभी सदस्यों, पूर्व पदाधिकारियों, प्रायोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों को इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
