श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस का सख्त पहरा, आईजी ने घाटों का किया निरीक्षण
फतेहपुर। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर कमर कस ली है। शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज परिक्षेत्र, प्रयागराज अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के साथ हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ओम घाट तथा सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के नौबस्ता घाट का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान आईजी ने घाटों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की।आईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रखने के साथ भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों और घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रखा जाए।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर, उप जिलाधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी थरियांव समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

![]()
