स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया गया सम्मानित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बाराबंकी, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज पूरा जनपद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही सरकारी एवं गैर सरकारी प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराया। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। जगह-जगह देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इसके उपरांत जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित जनपद स्तरीय मुख्य समारोह में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री मा. सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान

मुख्य अतिथि मा. राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी, जिला पंचायत प्रशासक,एमएलसी,जिलाध्यक्ष भाजपा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मा. राज्यमंत्री ने कहा, “यह आजादी हजारों अमर बलिदानों की देन है, हमें उनके त्याग को कभी नहीं भूलना चाहिए।” उन्होंने कहा कि देश को स्वतंत्रता लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं संघर्ष को सदैव स्मरण रखते हुए हमें राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज देश निरंतर विकास और प्रगति की ओर अग्रसर है। शासन एवं प्रशासन द्वारा जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक नागरिक को सकारात्मक सोच के साथ इन प्रयासों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके और महापुरुषों के आदर्शों एवं उनके सपनों को साकार किया जा सके।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान बलिदानों को स्मरण करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को पुनः संकल्पित करने का दिन है।

एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा ऑडिटोरियम

मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को जीवंत किया।छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। ‘वंदे मातरम्’ एवं भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

इस अवसर पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन,डीएफओ आकाशदीप बधावन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed