हाथरस में श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा की बैठक फौजी भवन, नवल नगर स्थित सभा कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ ने की। बैठक में श्री वेद भगवान की शोभायात्रा की तारीख, समय और भव्य आयोजन को लेकर धर्माचार्यों एवं विद्वानों ने विचार-विमर्श किया।

बैठक की शुरुआत विधि विधान और मंत्रोच्चारण के साथ हुई। श्री वेद भगवान के शोभा चित्र तथा द्वारका शारद पीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज के चित्र को फूल-मालाओं से सजाया गया। इसके बाद अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा के साथ नागेंद्र पाठक, आचार्य मनोज द्विवेदी, भंवर सिंह पौरुष और डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।

धर्माचार्यों ने बताया कि गणेश चतुर्थी 14 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 6 मिनट से शुरू होकर 15 सितंबर की सुबह 7 बजकर 44 मिनट तक रहेगी। गणेश जन्म का समय मध्यान्ह माना गया है और पूजा का श्रेष्ठ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 2 मिनट से दोपहर 1 बजकर 31 मिनट तक रहेगा। इसी को देखते हुए श्री वेद भगवान की शोभायात्रा 14 सितंबर 2026 को निकालने का निर्णय लिया गया है। वेद भगवान किनशोभायात्रा के साथ श्री दाऊजी महाराज का ब्रज क्षेत्र का लक्खी मेला भी प्रारंभ होगा। वहीं बलदेव छठ का पर्व 17 सितंबर को मनाया जाएगा।

सभा में इस बार शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने का निर्णय लिया गया। बाहर से बैंड-बाजे और विभिन्न आकर्षक झांकियां मंगाने तथा उनकी संख्या बढ़ाने पर सहमति बनी।

बैठक में पं. बागीष दत्त गौड़, आचार्य मनोज द्विवेदी, पं. उमेश चंद शर्मा, नागेंद्र पाठक, डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा, भंवर सिंह पौरुष, सत्येंद्र स्वरूप शर्मा, विशाल सारस्वत बौहरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कोषाध्यक्ष ने गत वर्ष के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाएं पंडित शैलेंद्र वशिष्ठ और पंडित देव स्वरूप शर्मा द्वारा व्यवस्थित रूप से की गईं। अंत में प्रसाद वितरण और जलपान के साथ बैठक संपन्न हुई। इस दौरान ‘श्री वेद भगवान की जय’, ‘दाऊजी महाराज की जय’, ‘रेवती मैया की जय’, ‘सनातन धर्म की जय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से सभा स्थल गूंज उठा।

रिपोर्ट राजा पाठक

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *