एमडी न्यूज ब्यूरों गोण्डा-अजीत यादव

गोंडा। जनपद श्रावस्ती में बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं 290 श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के नेता मसूद आलम ख़ान ने मुख्य अभियंता विद्युत, देवीपाटन मंडल, गोंडा को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। ज्ञापन में श्रावस्ती में लगातार हो रही विद्युत कटौती, जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय से न बदले जाने, ओवरलोड क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता न बढ़ाए जाने, जर्जर विद्युत लाइनों के कारण बार-बार आपूर्ति बाधित होने तथा शिकायतों के बावजूद कर्मचारियों द्वारा समय से कार्रवाई न किए जाने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। मसूद आलम ख़ान ने कहा कि इस समय सावन का महीना चल रहा है। इसके बाद बारह रबीउल अव्वल और रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं। ऐसे समय में श्रावस्ती की विद्युत व्यवस्था बेहद खराब होना चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि जनपद की विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एक विशेष टीम गठित कर नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो विद्युत कटौती, ट्रांसफार्मर बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर लाइनों की मरम्मत तथा अन्य विद्युत समस्याओं की लगातार निगरानी कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करे। मुख्य अभियंता विद्युत, देवीपाटन मंडल ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि श्रावस्ती की विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए विशेष टीम गठित कर नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती, ट्रांसफार्मरों को बदलने, उनकी क्षमता बढ़ाने, जर्जर लाइनों की मरम्मत सहित अन्य समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
मसूद आलम ख़ान ने कहा कि श्रावस्ती की जनता को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति दिलाने के लिए वह लगातार अधिकारियों से संवाद करते रहेंगे और जनहित के इस मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed