धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज। ग्राम सोनवल में बाबा भीमराव अंबेडकर के विचारों और युवाओं की खेल प्रतिभा को समर्पित बाबा भीमराव अंबेडकर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के सिसवा विधानसभा क्षेत्र-317 से भावी विधायक पद प्रत्याशी गौरी शंकर गुप्ता ‘उर्फ फौजी भईया’ प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके खेल के प्रति समर्पण और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, संघर्ष करने की क्षमता, टीम भावना, भाईचारे और आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

गौरी शंकर गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। खेल के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ अपने गांव, क्षेत्र और जिले का नाम भी रोशन कर सकते हैं।उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। युवाओं को बाबा साहेब के विचारों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और समाज में भाईचारे तथा समानता की भावना को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास करना है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, रणनीति और टीम भावना का प्रदर्शन किया। मैदान के आसपास मौजूद दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान गौरी शंकर गुप्ता ‘फौजी भईया’ ने कहा कि “बाबा साहेब के सपनों का समाज और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव समर्पित रहना ही हमारा संकल्प है।” उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।इस अवसर पर स्थानीय आयोजक, खिलाड़ी, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतियोगिता ने गांव के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
