लखनपुर / सरगुजा।
सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत टपरकेला में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ खुले में लगे बिजली के करंट की चपेट में आने से दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक बच्चे का चेहरा पूरी तरह झुलस गया है, जबकि दूसरे बच्चे के चेहरे से खून निकल रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
क्या है पूरा मामला –
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत टपरकेला में बिष्णु अग्रवाल पिता स्व. देवीराम अग्रवाल, निवासी लखनपुर का क्रेशर प्लांट संचालित है। आरोप है कि क्रेशर मालिक द्वारा बिजली के तारों का ना तो कोई घेराव किया गया है और ना ही सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था की गई है। खुले में बिछे करंट प्रवाहित तार ही इस हादसे की वजह बने।

हादसे का शिकार राजकुमार पिता काशीराम गोड़, उम्र 15 वर्ष और पीताम्बर, उम्र 10 वर्ष हुए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते क्रेशर के पास चले गए थे, तभी अचानक वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि 15 वर्षीय राजकुमार का चेहरा पूरा सफेद पड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया, वहीं 10 वर्षीय पीताम्बर के चेहरे से खून निकलने लगा।
समय पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस, बाइक से ले जाना पड़ा अस्पताल –
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन सरकारी एम्बुलेंस व्यस्त होने का हवाला देकर नहीं पहुंची। ऐसे में मानवता दिखाते हुए घायल बच्चों के जीजा साधन राम अगरिया ने मोटरसाइकिल से ही दोनों घायलों को लखनपुर अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। राजकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों में आक्रोश, बड़े हादसे की आशंका –
ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर मालिक बिष्णु अग्रवाल द्वारा लंबे समय से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। क्रेशर परिसर में ना तो बाउंड्रीवाल है, ना ही बिजली के खुले तारों के चारों ओर घेराव या चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। बच्चे, मवेशी और राहगीर कभी भी इस लापरवाही का शिकार हो सकते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि आज तो दो बच्चे बाल-बाल बचे हैं, कल कोई बड़ी जनहानि भी हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्रेशर मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाए और क्रेशर को तत्काल सील कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाए। साथ ही घायल बच्चों को उचित मुआवजा दिया जाए।
रिपोर्ट –
देवेंद्र मरकाम
MD NEWS ब्यूरो चीफ, सरगुजा (छत्तीसगढ़)
मो. 7879009598
