रामपुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत विकासखंड सैदनगर के सींगों खेड़ा ब्लॉक में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आसिफ खां जी ने की। बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक तैयारियों को तेज करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद बेगम नूरबानो साहिबा, पीसीसी सदस्य एवं पर्यवेक्षक श्री कुश्तर मिर्जा जी, एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं अल्मोड़ा विधायक श्री मनोज तिवारी जी, संगठन सृजन अभियान के पर्यवेक्षक एवं जिला कांग्रेस कमेटी रामपुर के जिलाध्यक्ष श्री प्रमिल कुमार शर्मा ‘निक्कू पंडित’, तथा एआईसीसी सदस्य श्री मुतीउर्रहमान खां ‘बबलू’ उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं की राय से बनेगा मजबूत संगठन : मनोज तिवारी

एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं अल्मोड़ा विधायक श्री मनोज तिवारी जी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती देने की रणनीति है। इस अभियान का उद्देश्य केवल पदाधिकारियों का चयन करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की बात सुनना और उनकी क्षमता एवं अनुभव के आधार पर संगठन को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता अपनी राय और विचार वन-टू-वन भी पर्यवेक्षकों के समक्ष रख सकता है। कार्यकर्ताओं की बात को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा और उनकी भावनाओं तथा सुझावों को संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन वही होता है जिसमें कार्यकर्ताओं को सम्मान, सहभागिता और अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलता है।

कार्यकर्ताओं की राय शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचेगी : कुश्तर मिर्जा

पीसीसी सदस्य एवं पर्यवेक्षक श्री कुश्तर मिर्जा जी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वास्तविक राय और जमीनी अनुभव को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए सुझावों और राय को शीर्ष नेतृत्व तक पूरी गंभीरता के साथ पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कांग्रेस को गांव, बूथ और वार्ड स्तर पर मजबूत करके ही जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है।

मजबूत संगठन राहुल गांधी जी के संघर्ष को देगा ताकत : संजय कपूर

पूर्व विधायक श्री संजय कपूर जी ने कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती जननायक श्री राहुल गांधी जी द्वारा लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए किए जा रहे संघर्ष को और अधिक ताकत प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच मजबूती से खड़ा होना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का रहा है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं को अपनी आवाज बनाना होगा।

जिले में कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है : निक्कू पंडित

जिला कांग्रेस कमेटी रामपुर के जिलाध्यक्ष एवं संगठन सृजन अभियान के पर्यवेक्षक श्री प्रमिल कुमार शर्मा ‘निक्कू पंडित’ ने कहा कि रामपुर जिले में कांग्रेस का जनाधार निरंतर बढ़ रहा है और संगठन सृजन अभियान के माध्यम से इस जनाधार को बूथ स्तर पर मजबूत आधार देने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत कांग्रेस का कार्यकर्ता है। आने वाले समय में ऐसे कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए जो लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं और पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को गांव-गांव, बूथ-बूथ तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संगठन में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा लंबे समय से पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

एआईसीसी सदस्य मुतीउर्रहमान खां ‘बबलू’ ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता सबसे आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाना चाहिए।

पूर्व सांसद बेगम नूरबानो साहिबा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में जिला प्रवक्ता एवं सदस्य ताहिर अंजुम, नगर अध्यक्ष बाकर अली खां, नोमान मुमताज खां, शकील मंसूरी, मोईन पठान, जकी खां, वरिष्ठ नेता जमील मियां, विपिन रोहेला, आमिर कुरैशी, सलमान, शहादत अली, इरशाद, फैसल, कुदरत, रफी, इरफान, आकाश लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार एवं सुझाव पर्यवेक्षकों के समक्ष रखे।

अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आसिफ खां जी ने सभी अतिथियों, पर्यवेक्षकों एवं उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *