रिपोर्टर – रजनीश कुमार

औरैया –
आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अनंतराम टोल प्लाजा पर शुक्रवार देर रात पशु क्रूरता का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया। बजरंग दल व हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सहयोग से ट्रक संख्या UP13 DT 9767 को पकड़ा, जिसमें भैंस के छोटे बच्चे (पाड़ा-पाड़ी) अमानवीय तरीके से भरकर कानपुर से एत्मादपुर लाए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में पशुओं को क्षमता से अधिक ठूंस कर भरा गया था। न चारा-पानी की व्यवस्था थी, न ही वायु संचार की। दम घुटने से पांच पशुओं की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि लगभग एक दर्जन पशुओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में 30 पशु घायल अवस्था में पाए गए। घायल पशुओं को उपचार हेतु सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है, जबकि मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
एत्मादपुर थाना पुलिस ने ट्रक को सीज कर चालक-परिचालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम व अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
