निचलौल (महराजगंज)। थाना निचलौल क्षेत्र के ग्राम झाड़वलिया में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में स्थित शीशम के पेड़ से एक 25 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीनानाथ पुत्र रामलालित, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम झाड़वलिया, थाना निचलौल, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। घटना 29 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 1:15 बजे की बताई गई है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना करीब 1:35 बजे मिली।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निचलौल पर्याप्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक परिजन शव को पेड़ से उतारकर घर ले आए थे। पुलिस ने परिजनों को सांत्वना देते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।

निचलौल थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले में फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

20 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *