ब्रेकिंग न्यूज़ मथुरा
एम डी न्यूज़
रिपोर्ट जितेंद्र ठाकुर आगरा मंडल ब्यूरो प्रमुख
बकरा-बकरियों की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
मथुरा। गोविंदनगर थाना पुलिस ने बकरा-बकरियों की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 हजार रुपये नकद, दो चोरी किए गए आधार कार्ड, अवैध तमंचा, पोनिया और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट लगी होंडा सिटी कार और मैक्स पिकअप वाहन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मथुरा के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी बकरा-बकरियों की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य चोरी के लिए वाहनों का इस्तेमाल करते थे और पुलिस से बचने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट बदल देते थे। चोरी की गई बकरा-बकरियों को वाहनों में लादकर दूसरे स्थानों पर ले जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त की सुबह राधापुरम बॉर्डर पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तड़के करीब चार बजे मसानी लिंक रोड से पानी रेलवे लाइन की ओर जाने वाले तिराहे के पास कच्चे रास्ते पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्ना उर्फ हप्पी निवासी घिया मंडी, भरतपुर गेट, समीर निवासी घिया मंडी, रिजवान निवासी इस्लामिया इंटर कॉलेज क्षेत्र और नासिर निवासी मेवाती मोहल्ला के रूप में की है। कार्रवाई के दौरान शोएब निवासी चौपटा खारी कुआं, भरतपुर गेट पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। बरामद वाहनों और अन्य सामान के बारे में भी जांच की जा रही है कि उनका इस्तेमाल किन-किन वारदातों में किया गया था।
सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के बाद गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

