पवन कुमार रिपोटर लखीमपुर तहसील

लखीमपुर खीरी। खीरी टाउन क्षेत्र के ग्राम झसिया में रविवार सुबह जंगली जानवर के पगचिह्न दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सुबह ग्रामीण गांव के बाहर खेतों में चारा लेने के लिए पहुंचे थे, तभी उनकी नजर खेत के पास जमीन पर बने संदिग्ध पगचिह्नों पर पड़ी।
पगचिह्न मिलने की खबर गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेतों की ओर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आसपास के खेतों और झाड़ियों में जंगली जानवर की तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास जंगली जानवर की मौजूदगी से लोगों में भय बना हुआ है। खासकर सुबह-शाम खेतों की ओर जाने वाले ग्रामीण और पशुपालक चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मौके पर पहुंचकर पगचिह्नों की जांच कराने और जंगली जानवर की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
