सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लकवा बोझी में शनिवार शाम करीब छह बजे दर्दनाक हादसा हो गया। कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना रामपुर कला क्षेत्र के ग्राम खेतमनी निवासी सहज राम का पांच वर्षीय पुत्र आर्यन रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए अपनी मां के साथ बिसवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लकवा बोझी स्थित अपने मामा के घर आया था। शनिवार को आर्यन घर के अंदर सो रहा था। इसी दौरान अचानक घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला गया। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आर्यन को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आर्यन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के त्योहार पर हुई इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *