कोठीभार थाना क्षेत्र के बुड़वा टोला की घटना, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत बुड़वा टोला गांव में घर की बिजली ठीक करते समय करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के बहद ग्राम बुड़वा टोला निवासी अमन चौधरी पुत्र रामप्रीत (उम्र करीब 40 वर्ष) अपने घर में बिजली की खराबी ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें बिजली का तेज झटका लग गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत अवस्था में लाया गया।
घटना की सूचना रविवार 31 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे पुलिस को मेमो के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अमन चौधरी घर की बिजली ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक किसी पक्ष द्वारा कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
