सुबह से रात 10 बजे तक इंतजार कराने के बाद लड़की पक्ष ने तोड़ा रिश्ता, महंगी गाड़ी की कथित मांग को लेकर दोनों परिवारों में विवाद,

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) मुजफ्फरनगर

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से दहेज प्रथा को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी से पहले ही महिंद्रा थार गाड़ी की कथित मांग को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि लड़की पक्ष ने शादी का रिश्ता समाप्त करने का फैसला कर लिया। इतना ही नहीं, लड़की वालों ने लड़के के पिता की गोद में असली थार की जगह प्लास्टिक की खिलौना थार रखकर ऐसा जवाब दिया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मेरठ के गांव सोलाना निवासी बब्बर की बेटियों का रिश्ता भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव ज्ञानपुर निवासी शमशेर के बेटों महताब और जैद के साथ करीब पांच महीने पहले तय हुआ था। बताया गया कि सगाई के दौरान लड़की पक्ष की ओर से नकदी और सामान भी दिया गया था।

आरोप है कि लड़की पक्ष द्वारा जमीन बेचने की जानकारी मिलने के बाद लड़के वालों ने शादी में महिंद्रा थार गाड़ी की मांग रख दी। लड़की पक्ष ने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई।

बताया जाता है कि शनिवार को शादी की रस्मों के सिलसिले में लड़के पक्ष के लोग लड़की वालों के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्हें सुबह से लेकर रात करीब 10 बजे तक इंतजार कराया गया। इसके बाद लड़की वालों ने समधी की गोद में खिलौना थार रखकर रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि लड़के के पिता शमशेर ने दहेज में गाड़ी मांगने के आरोपों से इनकार किया है।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा को लेकर बहस छेड़ दी है। सवाल यही है कि आखिर विवाह जैसे पवित्र रिश्ते को महंगी गाड़ियों और पैसों की मांग से कब मुक्त किया जाएगा?

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *