कीचड़ में लेट गए ग्रामीण, सड़क की बदहाली पर फूटा गुस्सा… जांच की मांग को लेकर अनोखा प्रदर्शन
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज (लखीमपुर)
जांच की मांग को लेकर अनोखा प्रदर्शन, समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

मितौली। ग्राम पंचायत दरीनगर में खराब रास्तों, जलभराव और कीचड़ की समस्या से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को अनोखे विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आया। ग्रामीण सिकंदर शाह राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़क पर भरे कीचड़ में लेट गए। उनके समर्थन में सुनील कुमार मिश्रा और बृजेश सिंह भी कीचड़ में उतरकर विरोध जताने लगे।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की गलियों और संपर्क मार्गों की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के दौरान रास्तों पर जलभराव और कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग उठाई है।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार प्रकाश के मकान से राधेश्याम के मकान तक करीब 65 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण अभी अधूरा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस कार्य के लिए करीब 1.60 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है, बावजूद इसके सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए और कथित अनियमितताओं की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

वहीं ग्राम प्रधान महेंद्र कुमार ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि करीब 1.60 लाख रुपये का रनिंग पेमेंट किया गया है, जबकि अभी शेष भुगतान होना बाकी है। उन्होंने कहा कि अधूरे मार्ग को पूरा कराने के लिए सामग्री की व्यवस्था की जा रही है और कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।

ग्राम पंचायत अधिकारी ब्रह्म प्रकाश तिवारी ने भी अधूरे मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कराने की बात कही है। अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद सड़क निर्माण का कार्य कब तक पूरा होता है और जांच की मांग पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

8 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed