धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज/निचलौल। पत्रकारों की एकजुटता एक बार फिर रंग लाई है। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुरा गौशाला से कथित तौर पर अवैध रूप से वाहन में सामान भरकर ले जाने की जानकारी पर पहुंचे पत्रकार से पूछताछ के दौरान हुए विवाद और मारपीट के मामले में निचलौल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान और उसके दो बेटों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन, तहसील इकाई निचलौल के पदाधिकारी एकजुट होकर निचलौल थाने पहुंचे। पत्रकारों ने थानाध्यक्ष से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और पीड़ित पत्रकार के साथ हुई घटना पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पत्रकार संगठन की मांग पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस द्वारा संबंधित ग्राम प्रधान और उसके दो बेटों के विरुद्ध धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। वहीं, मामले से जुड़े ग्राम विकास अधिकारी को भी थाने बुलाकर प्रकरण के संबंध में जवाबदेही तय करने के लिए लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।
बताया जा रहा है कि ग्राम मदनपुरा स्थित गौशाला से वाहन में सामान ले जाए जाने के संबंध में पत्रकार अरुण मिश्रा द्वारा पूछताछ की गई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कथित रूप से पत्रकार के साथ मारपीट की घटना सामने आई। घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त हो गया था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद पीड़ित पत्रकार अरुण मिश्रा ने राहत की सांस ली और पत्रकार संगठन के सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और सभी को एकजुट होकर पत्रकार हितों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहना चाहिए।इस दौरान पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई निचलौल के अध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता, शिवम मिश्रा, सूरज प्रजापति, सलाउद्दीन खान, अरुण मिश्रा, सज्जाद अली, सगीर अंसारी सहित तमाम पत्रकार मौजूद रहे।
पत्रकारों ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय या उत्पीड़न की स्थिति में संगठन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ उसके साथ खड़ा रहेगा।
