अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज

भारतीय जनता पार्टी के नवागत राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर सोमवार को मवई के रानीमऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी के नेतृत्व में हजारों समर्थक स्वागत के लिए उमड़े।
रानीमऊ पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच हरीश द्विवेदी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी ने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय महामंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश का माहौल दिखाई दिया। इस दौरान भाजपा के समर्थन में नारे भी लगाए गए।
हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि अयोध्या की धरती से मिल रहा यह स्नेह और सम्मान उनके लिए विशेष है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे।
