MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

फतेहपुर डॉक्टर अनुराग श्रीवास्तव ने 851 क्षय रोगियों को गोद लेकर दी पोषण पोटली 139 विद्यालयों-बस्तियों में चलाया 100 दिवसीय टीबी जागरूकता अभियान 23 रक्तदान शिविरों समेत हजारों बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ।
चौधराना निवासी डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, चेयरमैन इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फतेहपुर एवं कार्यकारिणी सदस्य इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश को सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दूसरी बार उत्कृष्ट सेवा सम्मान 2025-26’ से सम्मानित किया गया। राजभवन में सोमवार को आयोजित इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश की वार्षिक सामान्य बैठक में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
भारत मुक्त टीबी अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली उपलब्ध कराने के लिए डॉ. अनुराग को महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश की अध्यक्षा श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा उपमुख्यमंत्री एवं सभापति इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश श्री ब्रजेश पाठक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वनश्री संयुक्त सचिव एवं रेडक्रास मुख्यालय नई दिल्ली की प्रतिनिधि, अमरनाथ मिश्र उपसभापति, रामानंद कटियार महासचिव और अरुण सिंह कोषाध्यक्ष समेत रेडक्रास के पदाधिकारी मौजूद रहे।
851 मरीजों को मिली पोषण पोटली वर्ष 2025-26 में डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने टीबी उन्मूलन अभियान के तहत 851 क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली प्रदान की। इसके साथ ही 100 दिवसीय टीबी सघन जागरूकता अभियान के तहत 139 विद्यालयों एवं बस्तियों में लोगों और विद्यार्थियों को क्षय रोग से बचाव, लक्षण और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
सीपीआर प्रशिक्षण से लेकर रक्तदान तक सेवा
स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी रेडक्रास की ओर से व्यापक अभियान चलाया गया। 46 विद्यालयों, पांच कार्यालयों तथा पीएसी के जवानों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया। चिकनपॉक्स और डेंगू से बचाव के लिए 89,370 बच्चों, लू से बचाव के लिए 9,325 बच्चों तथा कंजक्टिवाइटिस के प्रकोप को कम करने के लिए 28,325 बच्चों को होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
इसके अलावा वर्षभर में 23 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। बाढ़ पीड़ितों अग्निपीड़ितों तथा जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्य भी किए गए।
सम्मान पूरे रेडक्रास परिवार को समर्पित सम्मान मिलने पर डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे रेडक्रास परिवार के सामूहिक प्रयासों और सदस्यों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने सम्मान को इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के सभी सदस्यों को समर्पित किया।
इस अवसर पर सचिव अजीत सिंह एवं आजीवन सदस्य गोरेलाल की उपस्थिति रही। डॉ. अनुराग को दूसरी बार मिले इस सम्मान से फतेहपुर के रेडक्रास परिवार और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में हर्ष की लहर है।
