सीतापुर। सिधौली विकासखंड की ग्राम पंचायत टड़ई कलां में शनिवार को निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में खामियां मिलने पर डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने पंचायत भवन में संचालित वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं और विभागीय अभिलेखों की जांच की गई।
एचआरपी ट्रैकिंग रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों में कमियां मिलने पर एएनएम को नोटिस जारी करने और 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने आईस बॉक्स, वैक्सीनेशन किट और ब्लड प्रेशर मशीन का भी अवलोकन किया। सत्र में मौजूद गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी वैक्सीनेशन बुक, ड्यू लिस्ट व एचआरपी रजिस्टर की जांच की।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री के अभिलेखों में भी कमियां मिलीं। इस पर संबंधित कार्यकत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद डीएम ने पंचायत भवन के अभिलेखों की जांच की। आय और जाति प्रमाण पत्र से संबंधित रिकॉर्ड तथा पुस्तकालय के अभिलेखों का अवलोकन किया गया। कई अभिलेखों में त्रुटियां मिलने के साथ कुछ महत्वपूर्ण रिकॉर्ड उपलब्ध भी नहीं मिले।
इस पर पंचायत सहायक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पंचायत भवन में आवश्यक सामग्री पूरी न होने और बैठकों से संबंधित दस्तावेज अधूरे मिलने पर सचिव को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों को दुरुस्त रखने तथा सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।,
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed