रिपोर्टर- प्रवीण कुमार भट्ट (तहसील प्रभारी बस्ती सदर)
MD news बहुआयामी समाचार बस्ती (लखनऊ) यूपी

बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव में 3 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई रामबहाल यादव की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी दूसरी पत्नी इन्द्रावती देवी को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा और एक फायरशुदा खोखा कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है।
बताया गया कि 3 सितंबर को बबुरहवा गांव में रामबहाल यादव को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी थी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आया कि रामबहाल यादव ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या की थी। पुलिस जांच में यह भी आरोप सामने आया कि दूसरी पत्नी इन्द्रावती देवी की कथित प्रताड़ना और दबाव के चलते रामबहाल मानसिक रूप से परेशान था।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद इन्द्रावती देवी ने कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपा दिया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया हैं।
मामले का खुलासा पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कलवारी क्षेत्राधिकारी ब्रजेश सिंह और छावनी थानाध्यक्ष राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

6 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *