
रिपोर्ट: विनीत तिवारी
एमडी न्यूज़, लखीमपुर खीरी
मितौली, लखीमपुर खीरी।
ग्राम पंचायत दरी नगरा में विकास कार्यों की जांच की मांग को लेकर बाबा सिकंदर शाह का अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। पंचायत भवन परिसर में उन्होंने जमीन के अंदर अपना पूरा शरीर गड़वाकर धरना दिया और केवल चेहरा बाहर रखा।
बाबा सिकंदर शाह का कहना है कि ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि ग्रामीणों की ओर से कई बिंदुओं पर सवाल उठाए जा रहे हैं, इसलिए पूरे मामले की जांच कराकर स्थिति स्पष्ट की जाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और जांच की मांग का समर्थन किया। ग्रामीणों ने नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग, मनरेगा कार्य, गौशाला, पंचायत भवन, हैंडपंप सहित कुल 11 बिंदुओं पर जांच की मांग उठाई।
जमीन में गड़कर किए गए इस अनोखे प्रदर्शन ने प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अब देखना यह है कि ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और संबंधित विकास कार्यों की जांच कब शुरू होती है।
