
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज (लखीमपुर)
बेहजम, लखीमपुर खीरी
बिजली विभाग की अघोषित कटौती, जर्जर विद्युत तारों, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या को लेकर आज भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले किसानों एवं ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसान नेता रवि तिवारी के आह्वान पर क्षेत्र के किसान बाबा गौरी शंकर मंदिर पर एकत्रित हुए और वहां से बेहजम पावर हाउस की ओर कूच किया।
किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के सामने 14 प्रमुख मांगें रखीं। इनमें 33 हजार व 11 हजार वोल्ट लाइनों की बार-बार ट्रिपिंग रोकना, जर्जर तारों को बदलना, पेड़ों की छंटाई, खतरनाक तरीके से झूल रहे विद्युत तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर करना, खराब ट्रांसफार्मरों को बदलना तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाना प्रमुख मांगें हैं।
किसानों ने लखनापुर, अमघट, टेडवा, बहादुरपुर ,अल्लीपुर, बेहजम सहित विभिन्न फीडरों की विद्युत समस्याओं को भी अधिकारियों के सामने रखा। किसानों ने कहा कि कई स्थानों पर जर्जर तार और विद्युत व्यवस्था लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई है। वहीं, रात के समय लंबी बिजली कटौती से किसानों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों की अधिकारियों से वार्ता हुई। एसडीओ एवं अधिशासी अभियंता ने विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए 10 दिन का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने कहा कि वह निर्धारित समय तक विद्युत व्यवस्था में सुधार का इंतजार करेंगे।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो विद्युत विभाग के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
