
बस्ती छावनी थाना पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की वेन्यू कार और पांच नीले जरीकैन में भरा करीब 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वाहन पर राजनीतिक पार्टी का झंडा लगाकर चलते थे, जिससे पुलिस चेकिंग से बचने में आसानी हो।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की रात रमघटिया के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से डीजल चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले में थाना छावनी पर मुकदमा अपराध संख्या 191/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर को सक्रिय किया। इसी क्रम में 14 सितंबर 2026 की सुबह करीब 3:25 बजे मझौवा दूबे के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श वर्मा (20) पुत्र स्वर्गीय खुशीराम वर्मा, निवासी जुंवागांव, थाना भीटी, जनपद अंबेडकरनगर तथा लवकुश चौहान (19) पुत्र इन्द्रपाल चौहान, निवासी गौहनिया, थाना गोसाईगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है।
राजनीतिक झंडे की आड़ में करते थे डीजल चोरी
पूछताछ में पुलिस को आरोपियों ने बताया कि वे चार पहिया वाहन पर राजनीतिक पार्टी का झंडा लगाकर हाईवे पर घूमते थे, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस को शक न हो। भोर के समय जब हाईवे किनारे ट्रक खड़े रहते और उनके चालक नींद में होते थे, तब आरोपी पाइप की मदद से ट्रकों की टंकी से डीजल निकाल लेते थे। चोरी किए गए डीजल को बेचकर मिलने वाली रकम को वे खाने-पीने और शान-शौकत में खर्च करते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य अंबेडकरनगर, अयोध्या और बस्ती समेत कई जनपदों में इसी तरीके से डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने हाल की कई घटनाओं में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की रात भी वे मझौवा दूबे के पास खड़े ट्रक से डीजल चोरी कर उसे बेचने की फिराक में थे। इसके अलावा कुछ दिन पहले कलवारी-टांडा मार्ग पर भी इसी वाहन से डीजल चोरी करने की बात सामने आई है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदर्श वर्मा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ अकबरपुर और भीटी थानों में लूट तथा आर्म्स एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं लवकुश चौहान के खिलाफ थाना गोसाईगंज, अयोध्या में डीजल चोरी का मुकदमा पहले से दर्ज बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की वेन्यू कार और पांच प्लास्टिक के नीले जरीकैन में करीब 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राधारमण यादव प्रभारी चौकी अमोढ़ा, उपनिरीक्षक रामकुमार पासवान, हेड कांस्टेबल फयानाथ भास्कर, कांस्टेबल राजीव रंजन, सौरभ सिंह और अजीतनाथ शुक्ला शामिल रहे।
