रजिस्ट्रार के आदेश से बर्खास्त शिक्षक की बहाली का मामला शासन तक पहुंचा, प्रबंधक की शिकायत पर लिया गया संज्ञान
धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
निचलौल/महराजगंज। महराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र स्थित मदरसा अरबिया अजीजिया मजहरूल उलूम में सहायक अध्यापक आलिया जावेद आलम अंसारी की बर्खास्तगी और उसके बाद हुई बहाली का मामला अब शासन के स्तर तक पहुंच गया है। प्रबंधक की शिकायत पर शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार से विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है।अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ अनुभाग-3 के संयुक्त सचिव दया शंकर ओझा ने 14 सितंबर 2026 को मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार को पत्र भेजकर प्रबंधक आबिद अली की ओर से उठाए गए बिंदुओं पर स्पष्ट आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शासन ने रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह की समयसीमा निर्धारित की है।

प्रबंधक आबिद अली ने 5 सितंबर 2026 को शासन को दिए अपने प्रत्यावेदन में आरोप लगाया कि सहायक अध्यापक जावेद आलम अंसारी को परिवीक्षा अवधि के दौरान 1 जून 2026 को प्रबंधकीय स्तर से सेवा से बर्खास्त किया गया था। इसके बाद मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार ने बर्खास्तगी आदेश को निरस्त कर शिक्षक को दोबारा कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश जारी कर दिए।प्रबंधक के अनुसार, रजिस्ट्रार के आदेश में संबंधित शिक्षक की बहाली के साथ मदरसे की अनुमोदित प्रशासन योजना को भी निरस्त किया गया तथा धारा 12(5) लागू करने की कार्रवाई की गई। इसके बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, महराजगंज को शिक्षक का कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रबंधक ने रजिस्ट्रार के इस निर्णय पर आपत्ति जताते हुए आदेश को निरस्त अथवा स्थगित करने और पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराने की मांग शासन से की थी।अब शासन ने प्रबंधक के प्रत्यावेदन का संज्ञान लेते हुए रजिस्ट्रार को निर्देश दिया है कि शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच कर उनके संबंध में सुस्पष्ट एवं तथ्यात्मक आख्या एक सप्ताह के भीतर शासन को उपलब्ध कराई जाए। शासन के इस कदम के बाद मदरसा शिक्षक की बर्खास्तगी और बहाली से जुड़े प्रकरण में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति महत्वपूर्ण हो गई है।
