जमीन से होने वाली आमदनी में हिस्सा देने के बावजूद प्रताड़ना का आरोप, आधार और बैंक पासबुक गायब करने की शिकायत

रिपोर्ट- रामानंद सागर (एमडी न्यूज़)

बाराबंकी। दरियाबाद थाना क्षेत्र के कुसभर गांव से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला ने अपने ही बेटे, बहू और पोती पर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसके पति की मृत्यु के बाद वह अपनी जमीन से होने वाली आमदनी के सहारे जीवन और इलाज का खर्च चला रही थी, लेकिन बेटे और बहू ने उसे लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।कुसभर ग्राम निवासी मालती तिवारी पत्नी स्वर्गीय जलाली तिवारी के मुताबिक, उनके पति का निधन हो चुका है। उनके हिस्से की जमीन कॉन्ट्रैक्ट पर दी गई है। जमीन से मिलने वाली आमदनी में से वह आधा हिस्सा अपने बेटे और बहू को खुशी-खुशी देती रही हैं, जबकि शेष धनराशि से अपने इलाज और अन्य जरूरतें पूरी करती हैं।

मालती तिवारी का आरोप है कि इसके बावजूद उनके पुत्र विनोद तिवारी, बहू गीता देवी और पोती प्रतिभा आए दिन उन्हें ताने देते हैं और परेशान करते हैं। आरोप है कि कई बार उनके साथ मारपीट भी की गई। उम्र अधिक होने के कारण मालती तिवारी बिना सहारे के चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं। ऐसे में कथित प्रताड़ना ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।

बेटी के घर पहुंचीं बुजुर्ग मां

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर मालती तिवारी ने अपनी बेटी से संपर्क किया। इसके बाद उनकी बेटी और दामाद उन्हें बाराबंकी तहसील रामनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहटी जेई स्थित अपने घर ले आए। पीड़िता का कहना है कि अब वह अपनी बेटी और दामाद के साथ रह रही हैं और वहां उनकी देखभाल हो रही है।मालती तिवारी ने आरोप लगाया कि घर से निकाले जाने के साथ ही उनका आधार कार्ड और बैंक पासबुक भी गायब हो गई, जिससे उन्हें आर्थिक और प्रशासनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बेटी-दामाद को भी धमकाने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि मामला बेटी के घर पहुंचने के बाद भी शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उनका पुत्र विनोद तिवारी अब उनकी बेटी और दामाद को भी परेशान कर रहा है। मालती के मुताबिक, उन्हें धमकी दी जा रही है कि यदि बुजुर्ग महिला के साथ कोई अनहोनी होती है तो बेटी और दामाद को हत्या के मुकदमे में फंसा कर जेल भिजवा दिया जाएगा।इन कथित धमकियों के चलते बेटी और दामाद भी चिंतित हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा तथा कानूनी कार्रवाई को लेकर डर बना हुआ है।

पुलिस से लगाई मदद की गुहार

बुजुर्ग मालती तिवारी ने मामले में सहायता और सुरक्षा की मांग को लेकर पुलिस को प्रार्थना पत्र भी दिया था। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी। पीड़िता ने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

6 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *