बृजमनगंज, महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत रविवार को थाना बृजमनगंज पुलिस की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने कस्बे में जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान महिला आरक्षी अंजली सिंह एवं खुशबू ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव, सुरक्षा उपायों तथा साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

जागरूकता कार्यक्रम में 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 102 और 108 एंबुलेंस सेवा के बारे में बताया गया।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला समृद्धि योजना और स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के संबंध में भी जानकारी दी।

इस दौरान सोशल मीडिया और इंटरनेट के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। पुलिस टीम ने बताया कि अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी प्रकार के ऑनलाइन धोखाधड़ी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न या धमकी की स्थिति में डरने के बजाय समय रहते पुलिस की सहायता लें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed