
खाटू श्याम मंदिर को लेकर फैलाई जा रही अफवाहें निराधार, प्रबंध समिति ने स्पष्ट की स्थिति
वाराणसी। लक्सा स्थित खाटू श्याम मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कुछ कथित भ्रामक एवं आपत्तिजनक बातों को लेकर मंदिर प्रबंध समिति ने आज स्पष्टीकरण जारी किया है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं और मंदिर की व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित हो रही हैं।
मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, सोशल मीडिया पर मंदिर को लेकर जिस प्रकार की बातें प्रसारित की जा रही हैं, उनमें कई तथ्य वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें।
समिति ने बताया कि मंदिर के सामने रहने वाली एक महिला द्वारा बार-बार पुलिस को फोन कर मंदिर कर्मचारियों पर आरोप लगाए जाने की शिकायत भी सामने आई है। समिति का आरोप है कि महिला द्वारा कुछ दुकानदारों के सहयोग से मंदिर को लेकर आपत्तिजनक बातें एवं अफवाहें फैलाए जाने से अनावश्यक विवाद की स्थिति बन रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा सही तथ्य सामने लाने की मांग की है, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समिति ने कहा कि मंदिर की धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से चल रही हैं और किसी भी व्यक्ति को भ्रामक सूचना फैलाने की इजाजत नहीं होनी चाहिए। उपस्थित महिला श्रद्धालु ने बताया कि हम लोग कई वर्षों से यहां पर दर्शन पूजन कर रहे हैं आज तक किसी भी प्रकार की कोई भी परेशानी हम लोगों को नहीं हुई है
इस संबंध में मदन मोहन पोद्दार (अध्यक्ष), दीपक तोदी (मंडल अध्यक्ष), श्याम सुंदर (प्रबंध समिति), पंकज तोदी एवं रिंकू अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और किसी भी सूचना की पुष्टि के बाद ही उसे साझा करने की अपील की है।
