महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में सर्विलांस सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से 110 खोए हुए मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन गुम होने के बाद लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। मामलों में तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए सर्विलांस सेल ने मोबाइल फोन की लोकेशन एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों से 110 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया।मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।

छह माह में 628 मोबाइल फोन बरामद

महराजगंज पुलिस के मुताबिक, खोए एवं गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान के तहत विगत छह माह में अब तक कुल 628 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किए जा चुके हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत करीब 1 करोड़ 78 लाख रुपये है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल से खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में मदद मिल रही है। पुलिस द्वारा लगातार ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए लोगों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

महराजगंज पुलिस की इस कार्रवाई से जहां मोबाइल फोन खोने वाले लोगों को राहत मिली है, वहीं तकनीक के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली को भी मजबूती मिली है।

9 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed