हाथरस, 25 सितंबर। राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को निवर्तमान जिलाधिकारी अतुल वत्स को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल का भी स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
विदाई समारोह में नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने निवर्तमान जिलाधिकारी अतुल वत्स के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा जनपद के विकास के लिए शुरू कराए गए विकास एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाते हुए पूरा कराया जाएगा।
निवर्तमान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नवागत जिलाधिकारी के नेतृत्व में हाथरस विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ेगा। उन्होंने जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी सहयोग एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हैं।
अतुल वत्स ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी क्षमता और निष्ठा के साथ योगदान देता है। सरकारी सेवा समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जाता है।
समारोह में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निवर्तमान जिलाधिकारी के साथ बिताए कार्यकाल को यादगार और प्रेरणादायक बताया। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्य करने की शैली तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों को आगे बढ़ाने का तरीका लंबे समय तक याद किया जाएगा।
विदाई समारोह में राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट राजा पाठक

