हाथरस, 25 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति का आकलन करना, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन करना तथा उन्हें सुपोषित श्रेणी में लाने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ आमंत्रित किया गया। अभिभावकों की मौजूदगी में बच्चों का वजन किया गया और उनकी पोषण स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के परिवारों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं संतुलित खान-पान से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।अभिभावकों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित देखभाल, उचित पोषण और आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई एवं अन्नप्राशन की गतिविधियां भी आयोजित की गईं।इस दौरान कुपोषित बच्चों के परिवारों को बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पोषण सेवाओं एवं संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों एवं कार्यकत्रियों ने लाभार्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं पोषण संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्ट राजा पाठक

